बागी हुए नौ कार्यकर्ता भाजपा से छह साल के लिए निष्कासित
सहारनपुर। बागी हुए नौ कार्यकर्ताओं को भाजपा हाईकमान ने पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इन कार्यकर्ताओं ने पार्षद पद के लिए पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा है। जल्द पार्टी के कई पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
नगर निगम के पार्षद पद के लिए टिकट न मिलने से नाराज होकर भाजपा के कई कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ नामांकन किया था। इनमें से कुछ कार्यकर्ताओं को पार्टी के बड़े नेताओं ने मना लिया था, जिन्होंने अपना समर्थन पार्टी प्रत्याशी को दे दिया था। लेकिन नौ कार्यकर्ता चुनावी मैदान में डटे रहे। इसे गंभीरता से लेते हुए बुधवार को पार्टी हाईकमान ने नौ कार्यकर्ताओं को छह साल के लिए भाजपा से निष्कासित कर दिया है। भाजपा महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा ने बताया कि प्रदेश संगठन ने विजय कालड़ा, प्रवेश धवन, अनिल अरोड़ा, अरुण खन्ना, पुष्पेंद्र जैन, श्राव्य गौड़, रवि सैन जैन, आरपी सिंह, रामकेवल यादव को निष्कासित किया है। इन सभी कार्यकर्ताओं ने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ा है।
बता दें कि भाजपा में जनपद और महानगर में पर चल रही गुटबाजी को लेकर पार्टी हाईकमान गंभीर है। चार दिन पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने सहारनपुर आकर पार्टी की नगर निगम चुनाव समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों बैठक लेकर फटकार लगाते हुए सुधरने की नसीहत दी थी। उन्होंने माना था कि सहारनपुर में संगठन कमजोर है। उन्होंने चुुनाव के बाद जनपद और महानगर में संगठन में बड़े बदलाव के संकेत दिए थे। जल्द कई पदाधिकारियों पर भी गाज गिर सकती है।