सरसावा (सहारनपुर)। नगर पालिका क्षेत्र में सुबह ठीक सात बजे मतदान प्रारंभ हो गया। नगर में 7 मतदान केंद्रों पर 25 बूथ बनाए गए जहां पुलिस की निगरानी में मतदान हुआ। चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद सरसावा के अंबाला रोड स्थित डीसी जैन कालेज में बने आदर्श मतदान केंद्र के बूथ नंबर 14 पर सबसे पहले मतदान करने वाले वार्ड 14 के जगदीश कुमार को सीओ, एसओ सरसावा तथा सरसावा पालिका के अधिशासी अधिकारी ने फूल देकर सम्मानित किया। तहसीलदार नकुड़ चंद्रकांता ने भी मतदान करने आए बुजुर्ग वोटरों का फूल देकर स्वागत किया।
नगर में दोपहर एक बजे तक करीब 48 प्रतिशत मतदान हो चुका था। वहीं गुरु नानक स्कूल में लगे एक वार्ड 23 में तीन बजे तक 85 प्रतिशत तथा वार्ड 9 में 66 प्रतिशत मतदान हो चुका था। नगर में मतदान को लेकर उत्साह का माहौल रहा। मुस्लिम बहुल बूथों पर जहां सुबह से भीड़ लगी रही वहीं दूसरे मतदान केंद्रों पर सामान्य गति से मतदान हुआ। पुलिस ने भी सख्ती बनाए रखी तथा मतदान करने के बाद बूथोँ पर भीड़ लगाकर खड़े लोगों को खदेड़ दिया। नगर में दो मतदान केंद्रों पर मामूली कहासुनी के अलावा सभी जगह मतदान शांतिपूर्वक चलता रहा। डीसी जैन कालेज में करीब 11 बजे कमिश्नर तथा डीआईजी ने दौरा किया और मतदान कर्मियों से जानकारी ली।