सहारनपुर। राष्ट्रीय मध्याह्न भोजन के तहत प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों ने काम की सुरक्षा और मानदेय बढ़ाकर 18 हजार रुपये करने की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी रसोइया महासंघ ने तीन से पांच अक्तूबर तक रसोइयों के हड़ताल पर रहने का एलान भी किया है।
महासंघ के जिला संयोजक नीटू कुमार ने बताया कि जनपद में साढ़े पांच हजार रसोइया हैं। सरकार प्रत्येक रसोइए को मात्र एक हजार रुपये महीना मानदेय देती है, जो श्रम कानून का भी उल्लंघन है। कम मानदेय होने की वजह से अनेक शिक्षक भी उन्हें तवज्जो नहीं देते हैं और परेशान करते हैं। बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर मानदेय सम्मानजक 18 हजार रुपये करने की मांग की है। साथ ही काम की सुरक्षा के लिए प्रस्ताव पास करने की मांग की गई है। यह भी बताया कि तीन से पांच अक्तूबर तक जनपद के सभी रसोइया हड़ताल पर रहेंगे, जो लखनऊ पहुंचकर विधान सभा का घेराव करेंगे। मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करने वालों में जिलाध्यक्ष गंगा देवी, महामंत्री अमन देवी, मुनेश, मंजू, कमलेश, अनीता, सरोज, निशा, नीलम, सावित्री, सुरेशो, कैलाशो, रिहाना, बबली, अनिल, वाजिदा, रेशमा, मैना, रेखा आदि शामिल रही।