देवबंद (सहारनपुर)। चौबीस घंटे से अधिक समय से रुक रुककर हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लोगों को बारिश से अभी राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। पूरे सप्ताह बारिश होने का सिलसिला जारी रह सकता है।
बृहस्पतिवार की देर शाम से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। सुबह के समय अचानक तेज हवा के साथ बारिश होने से लोग जहां के जहां थे वहीं रुक गए। पूरे दिन रुक रुककर बारिश होती रही। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। त्रिवेणी शुगर मिल प्रयोगशाला के प्रभारी सुभाष वर्मा का कहना है कि पिछले चौबीस घंटे में 40.46 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जिससे मौसम में 4 डिग्री की गिरावट आई है। उन्होंने बताया कि बारिश होने से अधिकतम तापमान 32 जबकि न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने बताया कि अभी लोगों को बारिश से राहत मिलने के कोई आसार नहीं है। बल्कि पूरे सप्ताह रुक रुककर बारिश होती रहेगी। उधर, बारिश होने से नगर के कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी रही। दारुल उलूम क्षेत्र में तो बारिश का पानी दुकानों में घुस गया। जिसके चलते दुकानदारों को पानी बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।