सहारनपुर। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की शुरुआत से अभी तक जिले की 61474 कन्याओं को 13 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी गई है। सरकार छह किस्तों में 25 हजार रुपये की कुल सहायता राशि प्रदान करती है।
योजना के तहत बेटी का जन्म होने पर सरकार एकमुश्त पांच हजार रुपये अभिभावकों के खातों में डीबीटी के जरिये भेजती है। इसके बाद टीकाकरण पूर्ण होने पर दो हजार रुपये की दूसरी किस्त मिलती है। बेटी के कक्षा एक में प्रवेश लेने पर सरकार तीसरी किस्त के रूप में तीन हजार रुपये की राशि प्रदान करती है। चौथी किस्त तीन हजार रुपये की कक्षा छह में प्रवेश लेने पर, पांचवीं किस्त पांच हजार रुपये की कक्षा नौ में प्रवेश लेने पर और कक्षा दस या स्नातक में प्रवेश लेने पर सरकार सात हजार रुपये की सहायता राशि भेजती है। योजना के तहत सरकार पहले 15 हजार रुपये प्रदान करती थी। इसे बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही सरकार ने योजना के दायरे को बढ़ाने के लिए शर्तों में भी ढील दी है। योजना का लाभ अब परिवार की दोनों बेटियों को मिल सकता है। योजना में आवेदन के लिए न्यूनतम आय वार्षिक तीन लाख रुपये से कम होनी जरूरी है।
जिले में पात्रों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। लाभार्थियों को डीबीटी के जरिए सहायता राशि भेजी जाती है। अभी तक 61 हजार से अधिक लाभार्थियों को लाभ मिल चुका है।
- अभिषेक पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी।