सहारनपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल ने गणना प्रपत्र के डिजिटाइजेशन के संबंध में राजनीतिक दलों के साथ बैठक की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभी तक जिले में डिजिटाइजेशन का 54.61 फीसदी कार्य पूरा हो गया है।
उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर डिजिटाइजेशन की गति धीमी है। वहां पर मतदाता अपने गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को वापस करें। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों को प्रगति से अवगत कराया और उनसे सहयोग की अपील की। बैठक में कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि एसआईआर में कई समस्याएं आ रही है। कई बीएलओ ऐसे हैं, जिन्हें फार्म भरने की सही जानकारी नहीं है। ऐसे में यदि किसी की वोट कट जाती है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी। साथ ही सुझाव दिया कि सभी बीएलओ को ट्रेनिंग दी जाए।
ट्रेनिंग में सभी राजनीतिक पार्टियों के पांच-पांच प्रतिनिधिगण मौजूद रहे। उन्होंने समय सीमा बढ़ाने की भी मांग की। जिससे जनता और बीएलओ को राहत मिल सके। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. महेंद्र सैनी, जिलाध्यक्ष कांग्रेस संदीप राणा, महानगर महामंत्री योग चुघ, सपा महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, प्रतिनिधि अब्दूल गफूर, अपना दल एस जिलाध्यक्ष राजकुमार पंवार आदि मौजूद रहे।