- जनपद में 21 अप्रैल से शुरू हुआ सत्यापन
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। पूर्ति विभाग की सख्ती के बाद से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से खाद्यान्न ले रहे अपात्र राशन कार्ड धारकों में हड़कंप है। विभाग ने चेतावनी दे रखी है कि जांच में अपात्र पाए जाने वाले राशनकार्ड धारकों पर न सिर्फ कार्रवाई होगी बल्कि लिए गए खाद्यान्न की बाजार मूल्य पर वसूली भी की जाएगी। इसके बाद से अब तक जनपद में 524 राशनकार्ड धारकों ने कार्ड वापस कर दिए हैं।
जनपद में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की 1238 दुकानों के माध्यम से 5.84 लाख राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न का वितरण किया जाता है। इनमें 54618 राशन कार्ड धारक अंत्योदय योजना और 529380 पात्र गृहस्थी योजना के राशनकार्ड धारक हैं। इनमें कुछ राशन कार्ड धारक अपात्र होते हुए भी खाद्यान्न योजना का लाभ ले रहे हैं। जिससे पात्र लोगों के राशन कार्ड नहीं बन पा रहे हैं। शासन ने अपात्र राशन कार्ड धारकों पर सख्ती शुरू कर दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि अपात्र अभी भी सार्वजनिक वितरण प्रणाली से मिलने वाले राशन का लाभ ले रहे हैं तो उनसे लिए गए खाद्यान्न की बाजार मूल्य पर वसूली की जाएगी। इसके लिए 21 अप्रैल से पूर्ति विभाग ने राशन कार्डों का सत्यापन भी शुरू कर दिया है।
------------
-- वर्जन --
अब तक समर्पित हुए 524 राशन कार्ड
जनपद में अपात्र राशन कार्ड धारकों ने कार्डों को समर्पित करना शुरू कर दिया है। अब तक 524 राशन कार्ड धारक अपने राशन कार्ड वापस कर चुके हैं। इस अभियान के बाद खाली हुए स्थान पर पात्र लोगों के नए राशनकार्ड बनाए जाएंगे। यह अभियान 31 मई तक चलेगा। उन्होंने अपात्र राशन कार्ड धारकों को जल्द अपने कार्ड तहसील मुख्यालय या जिला पूर्ति कार्यालय में जमा करने का आह्वान किया।
--- मनीष कुमार सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी।