महिला सशक्तिकरण और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की मुहिम को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहारनपुर की बेटी ने 52 किलोमीटर की दौड़ लगाई है। यह दौड़ अंबाला से चंडीगढ़ तक रही, जिसमें प्रतिभा के साथ चार अन्य महिलाएं भी शामिल रहीं। प्रतिभा इससे पहले अंबाला से दिल्ली तक दौड़ लगा चुकी है।
प्रतिभा यहां विनोद विहार निवासी राजेंद्र सिंह पुंडीर की बेटी है, जिसकी शादी लेफ्टिनेंट कर्नल मनीष सैंगर के साथ हुई है, जो वर्तमान में अंबाला कैंट में तैनात हैं। बड़ी बात यह है कि प्रतिभा की इस सोच और मुहिम को पति मनीष सैंगर और बच्चों का भी पूरा सपोर्ट है। अंबाला से चंडीगढ़ के लिए हुई 52 किलोमीटर की दौड़ में प्रतिभा और उसकी साथी शामिल रहीं।
उनके साथ-साथ मनीष सैंगर गाड़ी लेकर चले। गाड़ी में नौ साल का बेटा एरोन और तीन साल की बेटी एबनेर रहीं। दौड़ 16 अप्रैल की शाम साढ़े पांच बजे क्राइस चर्च अनाथालय पंचकुला से शुरू हुई। दौड़ को एयर कमोडोर (एओसी) चावला ने फ्लैग ऑफ कर शुरू कराया।
इससे पहले दिसंबर 2016 में भी प्रतिभा ने अंबाला से दिल्ली तक दौड़ लगाई थी। पिता राजेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें अपनी बेटी पर गर्व है, कि वह समाज को बेटियों के सम्मान के लिए जगाने का काम कर रही हैं।