37 दिन के लिए देहरादून का रेल यातायात से कनेक्शन कटा रहेगा। इसकी वजह देहरादून रेलवे स्टेशन पर विकास कार्य का होना है। ऐसे में सहारनपुर से देहरादून जाने वाली ट्रेनों केवल हरिद्वार तक जाएंगी और वहीं से लौटेंगी। इसकी वजह से हजारों यात्रियों के समक्ष समस्या आना लाजिमी है।
प्रतिदिन सहारनपुर से करीब एक दर्जन ट्रेनें देहरादून जाती और लौटती हैं। इनमें हजारों यात्री सफर करते हैं। मगर एक महीने से अधिक दिनों तक देहरादून के लिए ट्रेनों की आवाजाही बंद रहेगी। दरअसल, देहरादून रेलवे स्टेशन पर विकास कार्य होना है, जो 18 अप्रैल यानी आज से शुरू हो रहा है। यह काम 24 मई तक चलेगा।
ऐसे में तमाम ट्रेनों का संचालन केवल हरिद्वार तक ही रहेगा। इतना ही नहीं, शताब्दी एक्सप्रेस भी एक महीने तक देहरादून नहीं जाएगी। ऐसे में यात्रियों को देहरादून जाने के लिए हरिद्वार तक ही रेल सेवा मिल सकेगी। उससे आगे बस या अन्य साधन का सहारा लेना पड़ेगा। डिप्टी एसएस विनोद ने बताया कि दून रेलवे स्टेशन पर विकास कार्य होने के चलते ट्रेनें नहीं चल पाएगी।
यात्रियों की संख्या के साथ परेशानी भी बढ़ी
स्कूलों की छुट्टियों की वजह से इन दिनों लोग बच्चों को लेकर ठंडे इलाकों में घूमने जा रहे हैं। मसूरी नजदीक होने की वजह से बड़ी संख्या में लोग वहां जाते हैं, जिसका रास्ता देहरादून से ही होकर गुजरता है। ऐसी स्थिति में इन दिनों में एक महीने से अधिक समय तक ट्रेनें बंद रहने की वजह से यात्रियों को परेशानी होना लाजिमी है।
ये ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
गाड़ी का नाम कब से कब तक
दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस 17 अप्रैल से 22 मई
देहरादून-दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस 18 अप्रैल से 23 मई
देहरादून-उज्जैन एक्सप्रेस 18 अप्रैल से 24 मई
देहरादून-इंदौर एक्सप्रेस 21 अप्रैल से 19 मई
चेन्नई-देहरादून एक्सप्रेस 21 अप्रैल से 19 मई
देहरादून-चेन्नई एक्सप्रेस 21 अप्रैल से 19 मई
सहारनपुर-देहरादून पैसेंजर तिथि निर्धारित नहीं