शोभित विश्वविद्यालय को मिला राष्ट्रीय शिक्षा उत्कृष्टता सम्मान
गंगोह। शोभित विश्वविद्यालय गंगोह को मध्यप्रदेश आधारित सोसायटी ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा उत्कृष्टता सम्मान 2019 (नेशनल एजुकेशन एक्सीलेन्स अवाड़ॱर 2019) प्रदान किया गया है।
कुलपति डॉ. डीके कौशिक ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि 22 फरवरी 2019 को वर्धा महाराष्ट्र में विश्वविद्यालय को यह सम्मान उच्च स्तरीय शोधकार्य, नई-नई खोजों, नैतिक आचरण के ऊंचे आयाम, अखंडता और सामाजिक जिम्मेदारी के क्षेत्रों में अभूतपूर्व योगदान के लिए दिया गया। विश्वविद्यालय की तरफ से यह सम्मान प्रति कुलपति एवं आदर्श विजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्युटिकल साइंस के निदेशक प्रो. डा. रणजीत सिंह ने ग्रहण किया। प्रो. सिंह को यह पुरस्कार विदर्भ युवा कल्याण सोसायटी अमरावती के चेयरमैन डॉ. नितिन आर धांडे एवं नागपुर युनिवर्सिटी के प्रति कुलपति प्रो. प्रमोद येवले के द्वारा डॉ. दिनेश जायसवाल, यूएसए, प्रो. एचएस बुट्टर कनाडा एवं डॉ. उपेंद्र नगायिच, सेक्रेटरी, सोसायटी ऑफ फार्मास्युटिकल एजुकेशन एंड रिसर्च आदि की उपस्थिति में प्रदान किया गया। कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र ने सम्पूर्ण विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी है।