सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला कपिल विहार में अंगीठी के धुएं से दम घुटने पर कमरे में सो रही दिव्यांग महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली सदर बाजार इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी ने बताया कि कपिल विहार निवासी 35 वर्षीय बबीता पुत्री रामचंद्र ने अपने कमरे में सर्दी से बचाव के लिए अंगीठी जला रखी थी। अंगीठी के धुएं से दम घुटने पर बबीता की हालत बिगड़ गई। कमरा अंदर से बंद था। सूचना पर डायल 100 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा और महिला को जिला अस्पताल ले गई। चिकित्सकों ने बबीता को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रहें सावधान, तो नहीं होगी ऐसी घटना
सर्दी के सीजन में ऐसी घटनाएं होने का खतरा रहता है। क्योंकि ठंड से बचने के लिए लोग अलग अलग साधनों का प्रयोग करते हैं। उनमें से एक साधन अंगीठी है जो बेहद खतरनाक होती है, क्योंकि अंगीठी से निकलने वाला धुआं औी गैस जानलेवा साबित होता है। चिकित्सकों की सलाह है कि अंगीठी को बंद कमरे में ना रखें। इसके धुएं की वजह से सांस के मरीजों को खतरा रहता है। वहीं, फायर ब्रिगेड के अधिकारियों का कहना है कि सर्दी के सीजन में कमरे में अंगीठी जलाने, मोमबत्ती अथवा दिया जलाकर रखने में सावधानी बरतनी चाहिए। क्योंकि आग लगने का खतरा रहता है।