छात्रवृत्ति घोटाले की जांच के लिए सीएम के ओएसडी से मिला प्रतिनिधिमंडल
छुटमलपुर (सहारनपुर)। सहारनपुर में उत्तराखंड के छात्रों की छात्रवृत्ति घोटाले को लेकर संयुक्त हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुख्य विशेष कार्याधिकारी धीरेंद्र सिंह पंवार को ज्ञापन सौंप कर कार्रवाई की मांग की।
बुधवार को संयोजक पंकज भैया की अगुवाई में एक प्रतिनिधिमंडल धीरेंद्र सिंह पंवार से मिला। इसमें शामिल लोगों ने सहारनपुर में उत्तराखंड के छात्रवृत्ति घोटाले को लेकर सख्त कार्यवाही व एक सौ करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति वापस लेने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि 27 सितंबर को प्रमुख सचिव समाज कल्याण उत्तराखंड से भी समिति का प्रतिनिधि मंडल मिलेगा। समिति के संयोजक पंकज भैय्या ने कहा कि जब तक कार्यवाही नहीं होगी आंदोलन जारी रहेगा। कहा कि छात्रों का उत्पीड़न, शोषण किसी स्तर पर नहीं होने दिया जाएगा। बताया कि जल्द ही एक बड़ी पंचायत बिहारीगढ़ में रखी जाएगी। इसमें छात्र छात्राओं के शोषण व उत्पीड़न की समस्याओं के निस्तारण की आगामी योजना बनाकर आंदोलन को बड़ा रूप देने का निर्णय लिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में अर्जुन सैनी, गौतम, संजीव कुमार, मोहित, नितेश, विनय अंकुर सैनी आदि मौजूद थे।