सहारनपुर। नगर निगम के मुख्य अभियंता निर्माण और एओ का ट्रांसफर हो गया है। दोनों के ट्रांसफर के पीछे राजनीतिक कारण माने जा रहे हैं। जिसे लेकर नगर निगम में भी चर्चा जोरों पर है।
मुख्य अभियंता जितेंद्र केन करीब छह महीने से नगर निगम सहारनपुर में तैनात हैं। उनपर अपर नगरायुक्त का भी चार्ज है। साथ ही स्मार्ट सिटी के नोडल अधिकारी भी वही हैं। शासन ने उनका ट्रांसफर मेरठ के लिए किया है। उधर, एओ के पद पर कार्यरत सतीश मिश्र को इलाहाबाद भेजा गया है। वह कई साल से नगर निगम में सेवा देते आ रहे हैं। दोनों अधिकारियों के ट्रांसफर के पीछे राजनीतिक कारण माने जा रहे हैं। एक अधिकारी ने तो सीधे तौर पर एक नेता का नाम लेते हुए ट्रांसफर के लिए जिम्मेदार ठहराया है। नगर निगम सूत्रों ने बताया कि निगम में काफी राजनीति है। इसी की वजह से दोनों अधिकारियों को सहारनपुर से जाना पड़ा है। जितेंद्र केन का कहना है कि ट्रांसफर होना व्यवस्था का एक हिस्सा है और वह उसे स्वीकार करते हैं। ट्रांसफर के लिए राजनीतिक कारण के सवाल पर वह बात को टाल गए।