विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
देवबंद (सहारनपुर)। मोहल्ला खानकाह में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि ससुरालियों ने फांसी लगाकर उसकी हत्या की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मृतका के परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
मुजफ्फरनगर के भोपा थानाक्षेत्र के रुड़कली गांव निवासी गयूर अली ने करीब छह माह पूर्व बेटी शहराना का निकाह मोहल्ला खानकाह निवासी सुबहान के साथ किया था। रविवार को पड़ोसियों ने फोन कर गयूर अली को जानकारी दी कि बेटी को फांसी लगाकर मार दिया गया है। जिसके बाद परिजन देवबंद पहुंचे। जहां उन्हें बेटी मृत अवस्था में बेड पर पड़ी मिली। जबकि ससुराल पक्ष घर से फरार मिला। इसके बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका के परिजनों और आस पड़ोस के लोगों के बयान दर्ज किए। हालांकि पुलिस को अभी तक यह पता नहीं लगा है कि शहराना की मौत की क्या वजह है। जबकि उसके गले पर रस्सी के निशान हैं और बेड के नीचे टूटी हुई चूडियां व एक रस्सी का टुकड़ा पड़ा हुआ मिला। लड़की पक्ष के नईम अहमद का आरोप है कि शहराना की हत्या की गई है। उधर, कोतवाल अभिषेक सिरोही का कहना है कि मृतका के परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। घटना के बाद ससुराल पक्ष फरार हो गया।