बुखार से पीड़ित मदरसा छात्रों का हाल जाना
देवबंद (सहारनपुर)। तंजीम अबना-ए-मदारिस के जिम्मेदारों ने रविवार को नगर के विभिन्न अस्पतालों में जाकर बुखार से पीडित मदरसा छात्रों का हाल जाना और उन्हें हर संभव मद्द दिए जाने का आश्वासन दिया।
तंजीम अबना-ए-मदारिस वेलफेयर एजूकेशनल ट्रस्ट के चेयरमैन और देवबंद इस्लामिक एकेडमी के डायरेक्टर मेहंदी हसन ऐनी कासमी ने पदाधिकारियों के साथ नगर के डा. डीके जैन, डा. अदनान और डा. सलीमुर्रहमान के यहां जाकर मलेरिया और टाइफाइड बुखार से पीड़ित मदरसा छात्रों का हाल जाना। इस दौरान मेहंदी हसन ने उन्हें आश्वासन दिया कि इलाज में हर संभव मद्द की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नगर में गंदगी के ढेर लगे हैं और जख्मी कुत्तों से जानलेवा बीमारियां फैल रही हैं। लेकिन उसके बावजूद भी पालिका की ओर से कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है। ऐनी ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए शीघ्र ही एक प्रतिनिधिमंडल पालिकाध्यक्ष से मुलाकात करेगा ताकि नगर में सफाई व्यवस्था ठीक हो सके और लोग भयंकर बीमारियों की चपेट में आने से बच सकें। इस मौके पर मौलाना महमूद कासमी, मौलाना नासिरुद्दीन, इस्माईल कुरैशी, मौलाना वसीउल्लाह आदि मौजूद रहे।