सहारनपुर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकारों ने ईमानदारी से काम किया तो विपक्ष ने ठग गठबंधन बना लिया। जनता इनकी हकीकत जानती है। इस बेमेल महागठबंधन को जनता 2019 के लोकसभा चुनाव में एक बार फिर सबक सिखाने का काम करेगी।
शिलान्यास कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आज प्रदेश की 22 करोड़ जनता चैन की नींद सोती है। अपराधियों को पुलिस उनकी भाषा में ही जवाब दे रही है। पहले हालात बेहद खराब थे। अपराधी चौकियों में घुसकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर देते थे, लेकिन अब किसी हिम्मत नहीं है। भाजपा सरकार सबका साथ सबका विकास के अपने नारे के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। गरीब, मजदूर, किसान सहित हर वर्ग का उत्थान हो रहा है। भाजपा सरकार में भेदभाव खत्म हो चुका है। हमारी सरकार जनता को समर्पित सरकार है। विपक्ष का खेल खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार जनता उत्तर प्रदेश से 73 से भी अधिक सांसद लोकसभा में भेजने की तैयारी कर चुकी है।
-----------------------------------------
सांसद के घर रुके केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री
सहारनपुर। कार्यक्रम खत्म होने के बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली रोड स्थित सांसद राघव लखनपाल शर्मा के आवास पर गए। वहां चाय के साथ सहारनपुर के विकास को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद वे पुलिस लाईन में बने हेलीपैड के लिए काफिले के साथ रवाना हो गए। इससे पूर्व कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और उप मुख्यमंत्री ने प्रदेश के गन्ना मंत्री सुरेश राणा की प्रशंसा की।
------------------------------------
यह रहे मौजूद
सहारनपुर। कार्यक्रम में सांसद वीके सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी, महापौर संजीव वालिया, क्षेत्रीय महामंत्री मोहित बेनीवाल, प्रदेश प्रवक्ता डा. चंद्रमोहन, पूर्व मंत्री स्वर्गीय हुकुम सिंह की बेटी मृगांका, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, पूर्व विधायक लाजकृष्ण गांधी, राजीव गुंबर, महावीर राणा, मनोज चौधरी, राहुल लखनपाल शर्मा, भूपेंद्र, एम. आजाद अंसारी, भाजपा नेता अमित वर्मा, शीतल बिश्नोई, अमित गगनहेजा, ठाकुर राजवीर सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप और संचालन मोहित बेनीवाल ने किया।
-------------------------------------------
मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे, हुई नोकझोंक
सहानपुर। भाजपा बुनकर एवं कामगार प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश संयोजक एम. आजाद अंसारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यकर्ताओं की पुलिस साथ नोकझोंक हो गई, लेकिन कुछ देर बाद ही मामला शांत हो गया। एम. आजाद अंसारी ने कहा कि सहारनपुर-दिल्ली हाईवे सहारनपुर के लिए मील का पत्थर साबित होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर मुस्लिम समाज के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।
------------------------------------------
जय श्रीराम के जयकारों की रही गूंज
सहारनपुर। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में जोश अलग ही नजर आ रहा था। केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने जय श्रीराम और भारत माता के जयकारे लगाए।
अभिमन्यु वालिया