सहारनपुर। नगर निगम की दुकानों के आवंटन में गड़बड़ी होने की बात कही जा रही है। चर्चा है कि नगर निगम के अनेक कर्मचारियों ने गलत तरीके से निगम की दुकानों का आवंटन अपने परिजनों के नाम पर कराया हुआ है। इन दुकानों को किराए पर देकर कर्मचारी हर माह पैसा वसूल रहे हैं।
शहर भर में नगर निगम की करीब आठ सौ दुकानें हैं। इनमें अनेक दुकानें जनमंच प्रेक्षागृह के पास और गुरुद्वारा रोड पर भी हैं। निगम सूत्रों ने बताया कि नगर निगम के कुछ कर्मचारियों ने नगर निगम की दुकानों का आवंटन अपने परिजनों के नाम से कराया हुआ है। यह दुकानें उनके परिजनों की बजाय दूसरे लोग चला रहे हैं, जिनसे प्रति माह मोटा कराया संबंधित कर्मचारियों के द्वारा वसूला जाता है। नगर निगम के संपत्ति अधिकारी विनय कुमार शर्मा ने इसकी जानकारी होने से इनकार किया है। यदि ऐसा है तो यह गंभीर मामला है, जिसकी जांच कराई जाएगी। यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो जरूरी कदम उठाए जाएंगे।