रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। यूनिटेक मशीन्स लिमिटेड के श्रमिक एक बार फिर आंदोलन की तैयारी में हैं। अपनी मांगों को लेकर गांव चुनैहटी गाड़ा में आयोजित मजदूरों की बैठक में अखिल भारतीय राष्ट्रीय सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र गुर्जर ने कहा कि यूनिटेक श्रमिकों का किसी भी सूरत में उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कंपनी ने उनके साथ न्याय नहीं किया तो इसे लेकर आंदोलन किया जाएगा। चुनैहटी गाड़ा गांव में आयोजित बैठक में यूनिटेक श्रमिकों ने वीरेंद्र गुर्जर के समक्ष अपनी समस्याओं को रखा। उन्होंने कहा कि प्रपत्र 12 पर नाम रखे जाने, ठेका प्रथा को समाप्त किया जाए, दैनिक वेतन भोगी श्रमिकों को न्यूनतम वेतन भुगतान दिए जाने, ओवर टाइम का भुगतान कानून के अनुसार किया जाए। कंपनी की दमनकारी नीतियों पर अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि यदि अपने अधिकारों को लेकर कोई श्रमिक आवाज उठाता है तो उसको कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है।
वीरेंद्र गुर्जर ने कंपनी के श्रमिकों को आश्वस्त किया की उनके अधिकारों की लड़ाई को पूरी ताकत के साथ लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा यदि कंपनी ने अपने श्रमिकों की मांगों को नहीं माना तो इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा। बैठक में गोपाल सैनी, ईनाम, नेत्रपाल, रूपचंद, नौशाद, अजय कुमार, अनुज, राज सिंह, कर्णपाल, वेदपाल, पंकज कुमार, जितेंद्र आदि श्रमिक रहे।