बिहारीगढ़। सुंदरपुर-शाकंभरी मार्ग पर पड़ने वाली हिंडन व लालो नदी में तेज बहाव आने से देर रात तक आवागमन बाधित रहा। राहगीरों को नदी के किनारे खड़े होकर पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा। इसी दौरान कुर्डीखेड़ा निवासी दो लोग सोलानी नदी के टापू पर फंस गए। इसकी सूचना थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मंगलवार की शाम क्षेत्र सहित शिवालिक की पहाड़ियों पर लगातार हुई बारिश के बाद क्षेत्र की लालो, मोहंड रो, सोलानी, हिंडन आदि सभी नदियां उफान पर रहीं। इसके चलते सुंदरपुर-शाकंभरी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया। यात्रियों को नदी के किनारे खड़े होकर पानी कम होने का इंतजार करना पड़ा। दूसरी ओर फतेहपुर तेलियों से अपने घर वापस लौटते समय कुर्डीखेड़ा निवासी भोपाल और इरफान अचानक नदी में पानी आ जाने के कारण एक टापू पर फंस गए। उसके बाद उन्होंने सूचना अपने परिवार वालों को दी। बाद में खबर थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।