हिंदू जागरण मंच का अभ्यास वर्ग संपन्न
देवबंद। जनता इंटर कॉलेज में हिंदू जागरण मंच का अभ्यास वर्ग रविवार को संपन्न हो गया। जिसमें वक्ताओं ने कहा कि हिंदू समाज इस देश की आत्मा है। भारत माता को अखंड बनाने के लिए हिंदू जागरण मंच राष्ट्र रक्षकों का निर्माण करता है।
अभ्यास वर्ग में प्रांतीय उपाध्यक्ष योगी जयनाथ ने कहा कि हिंजामं कार्यकर्ता सजगता के साथ काम करते हुए हिंदुत्व की धर्म ध्वजा को बुलंद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला समिति के पदाधिकारी निरंतर पूर्ण समर्पण के साथ काम कर रहे हैं जो बधाई के पात्र हैं। अधिवक्ता सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि हिंदू जागरण मंच हिंदू समाज का सुरक्षा चक्र है जो हिंदू समाज व हिंदू धर्म के प्रहरी के रूप में काम करता है। अध्यक्ष डा. श्याम सिंह पंवार ने कार्यकर्ताओं से सजग रहने का आह्वान किया। संचालन कर रहे महासचिव अमित धीमान ने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में इकाइयों को गठित करें। सभी थाना संयोजक अपने थाने की टीम के साथ थाना क्षेत्र की प्रत्येक जाति से 250 कार्यकर्ताओं की सूची तैयार करें। अध्यक्षता जरनैल सिंह सैनी ने की। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, चौधरी शेषपाल, चौधरी ओमकार, आशीष गर्ग, शुभलेश शर्मा, वर्षा शर्मा, रजनी राणा, सोनिया त्यागी, मुकेश त्यागी, मीरा चौरसिया, संदीप सैनी आदि रहे।