भाजपा का सफाया कर देंगे महा गठबंधन प्रत्याशी : सैनी
छुटमलपुर। यूपी के पूर्व काबीना मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य साहब सिंह सैनी ने कहा कि महा गठबंधन प्रत्याशी लोकसभा उप चुनाव में कैराना और नूरपुर में भाजपा का सूपड़ा साफ कर देंगे। इन नतीजों से 2019 के लोकसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो जाएगी।
उत्तराखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण तथा वक्फ विकास निगम के पूर्व निदेशक मो. मुजतबा के निवास पर पत्रकारों से बात में साहब सिंह सैनी ने कहा कि हर स्तर पर भाजपा का विरोध है। किसान, मजदूर और व्यापारी सभी वर्ग परेशान हैं। भाजपा केवल झूठे वादे और झूठी बातें करके सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि कैराना उप चुनाव में रालोद के सिंबल पर तब्बसुम बेगम भारी मतों से लोकसभा में पहुंचेंगी। सपा लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव ने कहा कि नोटबंदी, जीएसटी, महंगाई, सांप्रदायिकता और झूठे वादे ये सभी भाजपा का एजेंडा है। भाजपा को आम आदमी से कोई मतलब नहीं है। इस मौके पर पूर्व प्रधान इशरान अली, नासिर अली प्रधान, फरमान मलिक, नौशाद अली, उस्मान मलिक, सुबोध कुमार, प्रवेज मलिक, महबूब तल्हेड़ी, बाबू जमील, अरशद मलिक आदि मौजूद रहे।