गंगोह (सहारनपुर)। साप्ताहिक बंदी के बावजूद दुकानें खोलने वाले व्यापारियों में श्रम प्रवर्तन अधिकारी के दौरे से अफरातफरी मच गई। दुकानदार धड़ाधड़ दुकानों के शटर गिराकर भागने लगे। इसके बावजूद दो दर्जन से ज्यादा दुकानों के चालान काट दिए गए।
गौरतलब है कि परेशान श्रमिकों ने दुकानें खुलने व उनको राहत नहीं मिलने की शिकायत सीएम व पीएम से की थी। गत सोमवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी व व्यापार मंडल अध्यक्ष के बीच हुई वार्तालाप के बावजूद दुकानें पहले की तरह खुली रही। सोमवार को श्रम प्रवर्तन अधिकारी अरुण द्विवेदी व संतोष त्रिपाठी ने बाजार में खुली दुकानों का औचक निरीक्षण किया। अधिकारी के बाजार में पहुंचते ही दुकानदारों में अफरातफरी मच गई तथा वे दुकानों के शटर गिराकर भाग खडे़ हुए। मगर इसी बीच दो दर्जन से ज्यादा दुकानों के चालान काट दिए गए। इसी बीच व्यापार मंडल अध्यक्ष मोल्हड मल गर्ग व मनोज गोयल, दीपक अग्रवाल, दीपक, इसरार, अनूप माहेश्वरी, अंकित अग्रवाल ने श्रम प्रवर्तन अधिकारी से बात की। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि जो दुकानदार नियम का उल्लंघन करेगा उसका चालान काटा जाएगा। कुछ किताबों के विक्रेताओं ने स्कूल खुलने और बच्चों को कोर्स देने की बात कही। इस पर उन्होंने इस शर्त के साथ छोड़ दिया कि वे लोग एसडीएम से स्वीकृति ले लेंवे, इसके बिना उन्हें कोई छूट नहीं दी जाएगी।