साढ़ौली कदीम (सहारनपुर)। क्षेत्र में गेहूं की फसल की अच्छी पैदावार होने के बावजूद भी कुछ स्थानों पर क्रय केंद्र नहीं बनाये जाने पर किसानों ने नाराजगी जाहिर की है। किसानों का कहना है कि कई किलोमीटर के दायरे में एक भी क्रय केंद्र स्थापित नहीं किया गया है।
विकास खंड साढ़ौली कदीम की 84 ग्राम पंचायतों पर मात्र चार गेहूं क्रय केंद्र स्थापित कर अधिकारी पल्ला झाड़ रहे हैं। किसानों का कहना है कि सरकार लगातार क्षेत्र की अनदेखी कर रही है। अधिकतर चीनी मिलें चलवाये जाने के बावजूद भी क्षेत्र की टोडरपुर में बंद पड़ी मात्र एक चीनी मिल नहीं चालू करा पा रही है। गेहूं क्रय केंद्रों को लेकर भी लगातार मांग करते रहे हैं। क्षेत्र में गेहूं की फसल की अच्छी पैदावार के बावजूद भी पर्याप्त क्रय केंद्र नहीं खोले गये हैं। क्षेत्र के गांव कादरपुर, हरिपुर, साढ़ौली कदीम, कांसेपुर आदि चारों केंद्र ऐसे स्थान पर है जहां आसानी से पर्याप्त व्यवस्थाएं भी नहीं है। इसके चलते वे अक्सर तौल भी नहीं कर पाते हैं। किसान मेघराज सिंह, किरणपाल, शिवकुमार, नितिन कुमार, रिषीपाल सिंह, प्रेमपाल, सुखपाल, योगेंद्र सिंह, सर्वेश कुमार, माजिद, अफजाल, राशिद, फुरकान अहमद आदि का कहना है कि गन्देवड़ खाद्य आपूर्ति विभाग के गोदाम पर प्रतिवर्ष लगने वाले क्रय केंद्र को भी इस बार नहीं रखा गया है। साधन सहकारी समिति लोदीपुर व बरथा असलमपुर में गेहूं क्रय केंद्र संचालित कराये जाने चाहिए ताकि किसान आसानी से अपनी गेहूं की फसल को क्रय केंद्र पर तौल करा सके तथा क्रय केंद्रों पर तौल नियमित रूप सुचारु चलाया जाना चाहिए।