देवबंद (सहारनपुर)। तंजीम अब्ना-ए-मदारिस-ए-इस्लामिया के अध्यक्ष मौलाना मेहंदी हसन ऐनी कासमी ने सीरिया में बेकसूर नागरिकों पर हो रहे नरसंहार को रोकने के लिए मस्जिदों और मदरसों में विशेष दुआ का आयोजन करने की अपील की है।
मंगलवार को मौलाना मेहंदी हसन ऐनी ने बताया कि उनका संगठन सीरिया में सेनाओं द्वारा किए जा रहे हमलों के विरोध में विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंप रहा है। ताकि उनकी आवाज सरकार के कानों तक पहुंचे और सरकार इस मामले में ठोस कदम उठा सके। मंगलवार को भी नरसंहार के विरोध में सहारनपुर के नानका में प्रदर्शन किया गया। उन्होंने कहा कि सीरिया में जो कुछ हो रहा है उसके खिलाफ पूरी दुनिया को आवाज बुलंद करनी चाहिए और केंद्र सरकार को चाहिए कि वह सीरिया और रूस के भारतीय दूतावासों को तुरंत बंद कर दे। इसके साथ ही मौलाना ऐनी ने सभी लोगों से मस्जिदों और मदारिसों में सीरिया के नागरिकों के लिए खास दुआ का आयोजन करने की अपील की है।