तीन अवैध कालोनियां ध्वस्त
सहारनपुर। प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को तीन अवैध कालोनियों को जेसीबी चलवाकर ध्वस्त किया। इनके अलावा टीम अवैध दुकानों को भी ध्वस्त कराने पहुंची, जहां जमकर हंगामा हुआ। हंगामे की वजह से टीम दुकानों को ध्वस्त तो नहीं कराई पाई, लेकिन थोड़ा बहुत नुकसान पहुंचाकर लौट गई।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि जमील और कुछ अन्य लोग कोलागढ़ क्षेत्र में तालाब के नजदीक करीब 20 बीघा जमीन पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लाटिंग की जा रही थी। 30 जून 2014 को कॉलोनी के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए थे। 15 दिन के भीतर अपने हर्ज खर्चे पर कॉलोनी ध्वस्त की अवगत कराने को कहा गया था। मगर कालोनाइजर ने ऐसा नहीं किया। इस पर 10 जनवरी 2018 की कालोनी को ध्वस्त करने की तिथि नियत की गई थी और बुधवार को टीम ने इस अवैध कालोनी को ध्वस्त कर दिया।
दूसरी ओर अंबाला रोड पर हाजी मेहरबान के द्वारा चार बीघा जमीन पर प्लाटिंग की जा रही थी। इसे भी ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए थे। प्राधिकरण की टीम ने यहां भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। वहीं अशोक, फैजान और पंकज ने नकुड़ तिराहे के पास करीब पांच बीघा जमीन पर अवैध कॉलोनी काटी थी। इनको भी 24 अगस्त 2017 को नोटिस जारी कर ध्वस्त करने को कहा गया था। मगर ऐसा नहीं होने पर एसडीए ने कालोनी को ध्वस्त किया।
उधर, प्राधिकरण की टीम शहर काजी नदीम अख्तर द्वारा हबीबगढ़ रोड पर बनवाई गई दुकानों को ध्वस्त करने पहुंची थी। इस दौरान काफी हंगामा हुआ। हंगामे के बीच टीम दुकानों के छज्जे को हल्का सा ध्वस्त कर लौट आई। उधर, काजी नदीम अख्तर ने कार्रवाई को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित करार दिया है। बताया कि उनकी दुकानों का मामला अभी चल रहा है, जिसमें वह कुछ पैसे भी प्राधिकरण में जमा करा चुके हैं।
कार्रवाई के बाद फिर से अवैध निर्माण शुरू
सहारनपुर। आईटीसी रोड पर पंत विहार की बगल में बड़े पैमाने पर प्लाटिंग हो रही है। दो दर्जन से अधिक दुकानों के निर्माण का कार्य चल रहा है। विकास प्राधिकरण ने कुछ ही दिन पहले दुकानों के अवैध निर्माण को ध्वस्त किया था। मगर निर्माणकर्ताओं ने प्राधिकरण की परवाह न करते हुए फिर से निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। उधर, टीपी नगर में भी बड़े पैमाने पर अवैध निर्माण जारी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह लगातार प्राधिकरण के अधिकारियों से इसकी शिकायत कर रहे हैं, मगर कार्रवाई नहीं हो रही है। यह भी बताया कि उनकी आठ से दस फुट तक की दुकानों के निर्माण को प्राधिकरण ने ध्वस्त किया था, जबकि बड़े-बड़े हॉल का निर्माण बिना नक्शा पास कराए किया जा रहा है, जिसपर प्राधिकरण मौन है।
आईटीसी रोड पर ध्वस्तीकरण के बाद पुन: निर्माण शुरू होने की मुझे जानकारी नहीं है। जल्द ही टीम को मौके पर भेजकर इसका पता लगाया जाएगा। यदि निर्माण अवैध है तो निश्चित रूप से ध्वस्त होगा। इसके अलावा टीपी नगर में हो रहे निर्माण की भी जांच कराई जाएगी।
मनोज कुमार, वीसी, एसडीए।