सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने सहारनपुर विकास प्राधिकरण पर गरीबों के मकान तोड़ने का आरोप लगाया। प्रतिनिधिमंडल ने अवैध कालोनी काटने वाले कालोनाइजर पर कार्रवाई करने की मांग की।
बुधवार को पूर्व मंत्री सरफराज खान के नेतृत्व में सपा का एक प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर विकास प्राधिकरण कार्यालय पहुंचा और प्राधिकरण द्वारा कराई जा रही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण द्वारा शकलापुरी, बलकेश्वर कालोनी बेहट रोड में गरीबों के मकान तोड़ दिए गए, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कालोनी अवैध है तो कालोनाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। 30, 35 एवं 50 गज के मकानों को तोड़ा जाना गलत है। जिन मामलों की सुनवाई के लिए 15 जनवरी नियत है उनका भी ध्वस्तीकरण किया गया जो गलत है। उन्होंने मांग की है कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई बंद की जाए। प्राधिकरण उपाध्यक्ष ने इस मामले में वार्ता कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधि मंडल में ओमी पंवार, देवेंद्र चौहान, वीरेंद्र तोमर, कंवरपाल, ओमप्रकाश प्रधान, ओमपाल शामिल रहे।