सहारनपुर। जनपद में कार्यरत एबीआरसी और एनपीआरसी के पदों पर स्थापित शिक्षक नियम विरुद्घ कार्य कर रहे हैं। प्रशिक्षण कार्य में भी फर्जी अंकन कर रुपयों की बंदरबांट कर रहे हैं। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) ने बीएसए को पत्र लिखकर बिंदुवार आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उधर, सहायक शिक्षा निदेशक के पत्र के बाद एबीआरसी और एनपीआरसी में खलबली मच गई है।
विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजकुमार ने 24 अक्तूबर को सहायक शिक्षा निदेशक को शिकायती पत्र लिखा था। आरोप लगाया था कि जनपद में एबीआरसी और एनपीआरसी के तौर पर कार्यरत शिक्षक नियम विरुद्घ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने एबीआरसी और एनपीआरसी पर शिक्षकों से अवैध रूप से धन की उगाही करने की बात कही थी। इसके अलावा सबसे गंभीर आरोप जनपद में संचालित प्रशिक्षण में फर्जी अंकन कर धनराशि की बंदरबांट करने का आरोप भी लगाया था। राजकुमार की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए सहायक बेसिक शिक्षा निदेशक अनुराधा शर्मा ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर बिंदुवार आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जवाब के लिए फोरमेट बनाकर भेजा है, जिसमें विकास खंड का नाम, एबीआरसी या एनपीआरसी का नाम, संपादित कार्य और कार्य की अवधि आदि पूछी गई है। प्रशिक्षण के लिए आवंटित धनराशि, खर्च की गई धनराशि और शेष धनराशि पर भी जवाब मांगा गया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो सहायक शिक्षा निदेशक के पत्र के बाद एबीआरसी और एनपीआरसी तमाम ब्योरा दुरुस्त करने में जुटे हैं।
एबीआरसी और एनपीआरसी को लेकर सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) का पत्र मिला है। उन्होंने कुछ बिंदुओं पर आख्या प्रस्तुत करने को कहा है। जल्द ही आख्या तैयार कर भेजी जाएगी।
रमेंद्र कुमार सिंह, बीएसए।