गागलहेड़ी (सहारनपुर)। ट्रैक्टर ट्राली और बाइक की आमने सामने की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। घायलों को सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जिला अस्पताल भिजवाया जहां एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
हादसा गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में सोमवार की रात साढ़े 12 बजे कोलकी पुल पर हुआ। बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र के गांव तकीपुर निवासी अनुज कुमार (19) पुत्र ज्ञानचंद अपने मामा के लड़के चरथावल निवासी मदन के साथ बाइक से चरथावल जा रह थे। गागलहेड़ी-देवबंद सड़क मार्ग पर गांव कौलकी कलां में बने पुल पर सामने से आ रही ट्रैक्टर ट्राली से उनकी भिड़ंत हो गई। इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची डायल 100 ने घायलों को अस्पताल पहुंचाते हुए ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया। जिला अस्पताल में डाक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया। जबकि मदन का उपचार चल रहा है। एसओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।