सहारनपुर। सुप्रीम कोर्ट के तीन तलाक को समाप्त करने के निर्णय ने एक बार फिर सियासत को गरमा दिया है। इससे न सिर्फ मुस्लिम मतों में बिखराव आएगा, बल्कि मुस्लिम महिलाओं के विधानसभा चुनावों में अपने पक्ष में वोट देने का दावा करने वाली भाजपा 2019 में इसे मुद्दा भी बना सकती है।
तीन तलाक के मुद्दे को लेकर काफी समय से बहस चली आ रही है। सुप्रीम कोर्ट ने तीन तलाक को समाप्त करने का निर्णय दे दिया है, लेकिन बहस समाप्त होने की बजाय इसे अलग-अलग तरीके से सियासी रंग देकर मुद्दा बनाने का प्रयास है। मुस्लिम समाज शरीयत को लेकर गंभीर रहता है, लेकिन इस निर्णय से मुस्लिम मतों में बिखराव आएगा। मुस्लिम समाज के कुछ लोग तीन तलाक को लेकर पहले ही सहमत नहीं रहे। मुस्लिम समाज की महिलाओं में तीन तलाक को लेकर असंतोष काफी समय से चल रहा था। कुछ समय से उठे इस मुद्दे पर भाजपा ने विधानसभा में भुनाने का पूरा प्रयास किया। भाजपा ने दावा किया था कि विधानसभा चुनावों में उन्हें मुस्लिम महिलाओं ने भी वोट दिए। अब भाजपा और भी मुखर हो सकती है। इस मुद्दे को लेकर अब फिर भाजपा मुस्लिमों के बीच जाकर महिलाओं को अपने पक्ष में करने का प्रयास करेगी। यही नहीं अब यह भी संभावना जताई जा रही है कि भाजपा 2019 के लोकसभा चुनावों में इसे प्रमुख चुनावी मुद्दा भी बना सकती है।
सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य
भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला स्वागत योग्य है। इससे मुस्लिम महिलाओं को उनके अधिकार मिलेंगे। यह धर्म से अधिक मानव अधिकार का मामला है।
-। एक साथ तीन तलाक के खिलाफ हैं
पूर्व विधायक एवं कांग्रेस नेता इमरान मसूद कहते हैं कि तमाम उलेमा भी हमेशा एक साथ तीन तलाक के खिलाफ रहे हैं। वह भी तीन तलाक के खिलाफ रहे हैं। अभी तक कोर्ट का फैसला समाज के सुधार के लिए सही कदम है। बशर्ते शरीयत के नियमों को प्रभावित न करें। भाजपा इसे तोड़ मरोड़ कर पेश करना चाहती है।
--। फैसले पर कुछ नहीं कहेंगे
नगर के सपा विधायक संजय गर्ग कहते यह कोर्ट द्वारा दिया गया निर्णय है। फिलहाल वह इस मुद्दे पर कुछ भी कह पाने की स्थिति में नहीं है। इस मामले को समझने के बाद ही वह कुछ कह सकेंगे।
-। शरीयत के खिलाफ फैसला मान्य नहीं
विधायक मसूद अख्तर कहते हैं कि अभी फैसले की कापी उन्हें नहीं मिल सकी है। लेकिन इतना जरूर है कि किसी भी कोर्ट का शरीयत और कुरान के खिलाफ कोई भी फैसला आता है तो वह मान्य नहीं होगा।