पुलिस ने आखिर कहां दाखिल किया सड़क दूधली बवाल का आरोप-पत्र
सहारनपुर। जिले में बवाल की शुरुआत जिस सड़क दूधली प्रकरण से हुई, उस प्रकरण में अब तक सभी आरोपियों पर पुलिस चार्जशीट दाखिल नहीं कर सकी। पुलिस ने जिन लोगों पर चार्जशीट दाखिल करने का दावा किया, वह चार्जशीट आज तक कोर्ट में नहीं पहुंच सकी। पुलिस चार्जशीट में शामिल किए गए 33 लोगों के नाम तक नहीं बता सकी। आरोप है कि भाजपाइयों के दबाव में पुलिस लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस शब्बीरपुर बवाल के मामले में 111 लोगों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। शब्बीरपुर में बवाल 5 मई को हुआ। पुलिस ने 5 मई, 9 मई और 23 मई को हुई घटनाओं में तो चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी, लेकिन 20 अप्रैल को हुए सड़क दूधली बवाल के मामले में अभी तक पूरी तरह चार्जशीट दाखिल नहीं की। जिस पर पुलिस सवालों के घेरे में आ गई। सड़क दूधली प्रकरण में भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा, उनके भाई राहुल लखनपाल, नगर अध्यक्ष अमित गगनेजा समेत नेताओं के आरोपी होने के चलते पुलिस पर दबाव में कार्रवाई न किए जाने और पक्षपात किए जाने के आरोप लगने लगे। इनमें राहुल लखनपाल, अमित गगनेजा समेत 9 लोगों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो चुके हैं, लेकिन पुलिस पर गिरफ्तारी की बजाय उन्हें संरक्षण देने, खातिरदारी करने, उनके साथ कार्यक्रमों का आयोजन किए जाने जैसे आरोप लगे। जिसके चलते विपक्षी दलों ने पुलिस को घेरना शुरू कर दिया। पुलिस ने अपने को घिरा देख सड़क दूधली प्रकरण में चार्जशीट दाखिल किए जाने की बात कहना शुरू कर दिया। एसपी सिटी प्रबल प्रताप ने लोगों को बताया कि सड़क दूधली प्रकरण के 6 मुकदमों में से 3 मामलों में 33 लोगों के खिलाफ 11 अगस्त को चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। जिस पर भाजपा नेता एवं अन्य लोग बृहस्पतिवार को सुबह ही कोर्ट में जा पहुंचे और चार्जशीट में अपने नाम तलाशने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। लेकिन किसी को वहां चार्जशीट ही नहीं मिली। कोर्ट के कर्मचारियों ने चार्जशीट दाखिल होने की पुलिस की बात झूठी बताई। लोगों ने पुलिस पर चार्जशीट दाखिल करने की झूठी अफवाह फैलाकर गुमराह करने का आरोप लगाया। एसपी सिटी से जब लोगों ने चार्जशीट में शामिल नामों के बारे में जानना चाहा तो वह स्वयं भी कोई नाम नहीं बता सके। उन्होंने कहा कि वह फिर से नाम निकलवा रहे हैं। नाम की सूची तैयार कराई जा रही है।
नाम जल्दी ही सार्वजनिक किए जाएंगे
नगर पुलिस अधीक्षक एवं एसआईटी प्रभारी प्रबल प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। फिलहाल उन्हें नाम याद नहीं हैं। जल्दी ही चार्जशीट में शामिल नामों की सूची तैयार करा दी जाएगी।