सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जीएसटी के तहत इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के नाम पर 50 करोड़ रुपये से अधिक के बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। इस मामले में सहारनपुर सहित 100 से अधिक कारोबारी जांच के दायरे में आए हैं। जिनमें 40 से ज्यादा फर्में सहारनपुर जोन की बताई जा रहीं हैं।
साइबर थाना पुलिस और राज्य कर विभाग की संयुक्त जांच में आया है कि बोगस कंपनियां खड़ी कर फर्जी बिलिंग के जरिए आईटीसी का लाभ लिया। इसके लिए अन्य लोगों के दस्तावेज और पते का दुरुपयोग कर फर्जी फर्में बनाईं। इन फर्मों के जरिए कागजों में ही खरीद-बिक्री दिखाकर करोड़ों रुपये का टैक्स क्रेडिट हासिल किया गया, जबकि वास्तविक लेनदेन नहीं हुआ। आशंका है कि यह संगठित गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और इसमें कई जिलों के कारोबारी शामिल हैं। साइबर थाना पुलिस डिजिटल लेनदेन और बैंक खातों की गहन जांच कर रही है, जबकि राज्य कर विभाग फर्मों के पंजीकरण, बिलिंग पैटर्न और टैक्स रिटर्न का मिलान कर रहा है।