लग्जरी कार से 50 पेटी शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
सरसावा। हरियाणा से लग्जरी गाड़ी में लाई जा रही 50 पेटी देसी शराब को पुलिस ने पकड़ा है। पुलिस ने बताया कि यह शराब पंचायत चुनाव में इस्तेमाल के लिए मंगाई गई थी। पुलिस ने दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सुबह 8 बजे के करीब सूचना मिली कि हरियाणा से लग्जरी कार में शराब पंचायत चुनाव में खपाने के लिए लाई जा रही है। इसके बाद पुलिस ने शाहजहांपुर पुलिस चौकी पर नाकेबंदी की। इसी बीच हरियाणा की ओर से एक तेज रफ्तार लग्जरी गाड़ी आती हुई दिखाई दी। जैसे ही गाड़ी शाहजहांपुर नकुड़ बाईपास की ओर मुड़ी पुलिस ने पीछा कर कार को झरौली के पास घेर लिया। अभी पुलिस गाड़ी से उतरकर संभलती तब तक आरोपी तस्कर पुलिस पर फायर करते हुए गाड़ी छोड़कर भाग गए। काफी जद्दोजहद के बाद दोनों तस्करों को पुलिस ने यमुना के खादर से गिरफ्तार कर लिया। पकड़ी गई कार से 50 पेटी हरियाणा मार्का देसी शराब बरामद हुई है। तस्करों के पास से दो तमंचे तथा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों आरोपी जितेंद्र पुत्र सुभाष चंद्र तथा संजीव पुत्र रणवीर सिंह उर्फ रणधीर सिंह दोनों निवासी थाना क्षेत्र शहजादपुर जिला अंबाला कुख्यात शराब तस्कर हैं। इनके खिलाफ हरियाणा में भी मामले दर्ज हैं। जेल भेज दिया है।
बाइक चोरी
नागल। खटोली में सोमवार को शादी समारोह में शामिल होने आए गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के चौरादेव निवासी मोहित कुमार की बाइक चोरी हो गई। मोहित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।
-------------------------
नशा तस्कर को पकड़ा
चिलकाना। थाना प्रभारी ने बताया पुलिस टीम मंगलवार की सुबह मंझार तिराहे पर चेकिंग करते हुए एक युवक को रोका। तलाशी लेने पर पकड़े गए राकिब पुत्र गालिब निवासी गांव दभेडा कलां के पास से 115 ग्राम अवैध चरस बरामद की है।