- ई-केवाईसी नहीं कराने पर सम्मान निधि की 14वीं किस्त नहीं मिलेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। अभियान चलने के बावजूद अभी तक अपनी ई-केवाईसी नहीं कराने वाले जनपद के करीब 44 हजार किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 14वीं किस्त से वंचित रहना पड़ सकता है। जनपद के करीब 2.83 लाख किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठा रहे हैं।
किसानों की सहायता करने के उद्देश्य से भारत सरकार प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत छह हजार रुपये वार्षिक उनके बैंक खाते में भेजती है। सम्मान निधि किसानों को दो-दो हजार रुपये की तीन किस्तों में दी जाती है। सभी पात्र किसानों को सम्मान निधि योजना का लाभ मिले इसके लिए जनपद के गांवों में शिविर लगाकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि संतृप्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिससे पात्र किसानों के पंजीकरण कराने से लेकर भूमि सत्यापन और ई-केवाईसी आदि के कार्य को पूरा किया जा सके।
जनपद में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 3.06 लाख किसान पंजीकृत हैं। इनमें से मृतक और अपात्रों आदि को छोड़कर 2.83 लाख पात्र किसानों की भूमि का सत्यापन हुआ है। इनमें से लगभग 44 हजार किसानों ने अभी तक भी ई-केवाईसी नहीं कराई है। इसके चलते उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की जल्द आने वाली 14वीं किस्त से महरूम रहना पड़ सकता है।
- वर्जन -
सभी पात्र किसानों को सम्मान निधि का लाभ दिलाने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि संतृप्तिकरण अभियान सोमवार से ब्लॉक स्तर पर चलाया जाएगा। इसमें किसान अपनी ई-केवाईसी से लेकर अन्य जरूरी औपचारिकताएं पूरी करा लें। मृतक किसान के जिन वारिसों ने जनसेवा केंद्रों के माध्यम से पंजीकरण कराया है और उनका पोर्टल पर स्टेटस लंबित दिख रहा है। ऐसे किसान अपने आधार कार्ड, खतौनी की नकल, लेखपाल से रिपोर्ट लगा घोषणा पत्र, वारिसान प्रपत्र और आधार कार्ड लेकर बेरीबाग स्थित कृषि विभाग में संपर्क कर समस्या का निस्तारण करा सकते हैं। - डॉ. राकेश कुमार, उप निदेशक कृषि।