- कारखाना संचालक ने पुलिस को तहरीर देकर आग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
रटौल। कस्बे में बुधवार देर रात असामाजिक तत्वों ने पैंट की सिलाई के कारखाने में आग लगा दी। जिससे कारखाने में रखी मशीनें और कपड़ा जल गया। कारखाना संचालक को ढ़ाई लाख रुपये से अधिक का नुकसान हो गया। उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
कस्बे के रहने वाले बब्बू ने बताया कि उसका अंसारियों वाली मस्जिद के पास पैंट की सिलाई करने का कारखाना है। जिसमें दिल्ली के गांधीनगर से कच्चा माल लाकर पैंट की सिलाई करता है और वहां से वापस दिल्ली भेजा देता है। बब्बू ने बताया कि बुधवार रात कारखाना बंद कर अपने घर चला गया था। देर रात असामाजिक तत्वों ने कारखाने की खिड़की में कोई ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। थोड़ी ही देर में पूरे कारखाने में आग लग गई।
बताया कि पड़ोसियों ने फोन कर कारखाने में आग लगने की जानकारी दी। जिसके बाद वह वहां पहुंचा और कारखाना खोलकर आग बुझाने लगा। आग लगने से कारखाने में रखी चार मशीनें और डेढ़ लाख रुपये का कपड़ा जल गया। उसने अज्ञात के खिलाफ पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में खेकड़ा थाना प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।