वाहन की टक्कर से बैंक कर्मी की मौत
बड़गांव (सहारनपुर)। रविवार रात महेशपुर स्थित हिंडन नदी के पुल पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक बंधन बैंक में कर्मचारी था और देर रात अपने घर लौट रहा था। मृतक की जेब से निकले आधार कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई जिसके बाद परिजनों को खबर की गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना पुरकाजी के भोजाहेडी निवासी तीस वर्षीय योगेंद्र पुत्र धर्म सिंह गंगोह स्थित बंधन बैंक में कार्य करता था। रविवार की देर रात वह बाइक द्वारा गंगोह से वापस अपने गांव भोजाहेडी लौट रहा था। बड़गांव थाना क्षेत्र में गांव महेशपुर स्थित हिंडन के पुल पर उसे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने उसे पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त उसकी जेब में पड़े आधार कार्ड से की। इसके बाद रात में ही उसे परिजनों को सूचना दी गई। सूचना के बाद मृतक के परिजन रात्रि में मौके पर पहुंचे। मृतक के भाई अमित ने थाना पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसएसआई प्रवीण कुमार का कहना है कि किसी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मारी जिससे हादसा हुआ है। युवक ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। यदि हेलमेट होता तो शायद उसकी जान बच जाती।