सहारनपुर। अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा आशा मॉडर्न स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में छात्र छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों से अपनी परेशानियां बताईं। छात्र छात्राओं ने यातायात नियमों के पालन को लेकर पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी पर सवाल उठाया, तो यह भी कहा कि पुलिसकर्मी खराब व्यवहार क्यों करते हैं। पुलिस अधिकारियों ने सवालों का जवाब देकर बच्चों को संतुष्ट किया।
बुधवार को शहर के चंद्र नगर स्थित आशा मॉडर्न पब्लिक स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में छात्राओं की सुरक्षा, अधिकार एवं छात्र-छात्राओं को यातायात के नियमों, सड़क सुरक्षा की जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने छात्राओं से कहा कि चुप्पी तोड़िए, अपनी पीड़ा को साझा करिए, तभी समाधान होगा। यदि रास्ते में कोई छेड़छाड़ करता है, तो तभी मौके पर करारा जवाब दें। यदि पहली बार में ही जवाब मिल जाएगा, तो वह फिर कोई हरकत नहीं करेगा।
उन्होंने कहा कि कानून का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है, पुलिस भी इससे अछूती नहीं है। पुलिस के प्रति नकारात्मक धारणा भी नहीं होनी चाहिए। पुलिस एकमात्र ऐसा विभाग है, जिस पर लोग सबसे अधिक भरोसा करते हैं। अपराध रोकने के साथ नियमों का पालन पुलिस कराती है। उन्होंने कहा कि किसी भी मुसीबत में पड़ने पर यूपी 100 डायल या फिर 1090 पर सूचना दें। तुरंत सहायता के लिए पुलिस पहुंचेगी। पुलिस आपकी सहायता और सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। इस मौके पर स्कूल प्रबंधक आशा जैन, प्रधानाचार्य दिव्य जैन, नाहिद जैदी और एनके त्यागी आदि मौजूद रहे।
----------
छात्राएं स्वयं को मजबूत समझें : नीरज चौधरी
महिला थाना प्रभारी नीरज चौधरी ने कहा कि छात्राएं या महिलाएं खुद को कमजोर न समझें। अपराधी तत्वों से बचने के लिए सजग रहें। घर पर अकेले हैं तो परिचित और भरोसेमंद व्यक्ति के होने पर ही दरवाजा खोलें। रोजाना एक ही रास्ते से, एक ही समय पर न जाएं। समय और रास्ता बदलते रहें। सुनसान रास्ते पर फोन पर बात करते हुए न चलें, इससे आसपास का आभास नहीं हो पाता है। किसी अनजान व्यक्ति से भूलकर भी लिफ्ट न लें। ऑटो या टैक्सी से जाने पर उसका नंबर अथवा फोटो लेकर परिजनों को भेज दें। किसी अनजान से कुछ खाने, पीने का सामान न लें। किसी के परेशान करने पर अभिभावकों, अध्यापकों और मित्रों को जरूर बताएं।
--------------
जागरूकता से ही रोका जा सकता है हादसा : टीएसआई
यातायात प्रभारी निरीक्षक तेज प्रताप सिंह ने यातायात के संकेतों से अवगत कराया। यातायात के नियमों का पालन अपनी सुरक्षा के लिए करें। जैसे मोबाइल फोन की सुरक्षा के लिए स्क्रीन गार्ड लगाते हैं, वैसे ही दुपहिया वाहन चलाते वक्त हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने कहा देश में 70 प्रतिशत मौत सड़क हादसों से हो रही हैं। अधिकांश मौत दुपहिया वाहन चालकों की होती है। छात्र-छात्राओं से परिजनों को भी यातायात के नियमों का पालन कराने के लिए जागरूक किया।
------------------
छात्र-छात्राओं के सवाल
-----------------
- सवाल - मोहम्मद हमजा - वाहन चलाने वाले की क्या उम्र है, लाइसेंस होने न होने पर क्या दंड है।
- जवाब - टीएसआई - वाहन चलाने के लिए लाइसेंस बनने की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष है। लाइसेंस न होने पर चालान किया जाता है। अप्रशिक्षित अपने एवं दूसरों के लिए दुर्घटना का कारण बनता है।
-----------------
वर्णिका शर्मा - गलत व्यवहार करने वाले पुलिसकर्मी पर कौन कार्रवाई करेगा ?
एसएसपी - पुलिस के व्यवहार को सुधारने के लिए लगातार प्रयास चल रहा है। जो गलत करता है, उसके खिलाफ कार्रवाई होती है। कोई ऐसा करता है तो तुरंत शिकायत करें। पुलिस के प्रति नकारात्मक धारणा भी नहीं होनी चाहिए।
----------
वर्णिका सैनी - आईटीसी रोड पर यातायात वन-वे नहीं किया जा रहा है, जिससे दुर्घटनाएं हो रहीं हैं, ऐसा क्यों ?
टीएसआई - इस रोड पर अधिक कट हैं, जिस कारण यातायात वन-वे नहीं हो पा रहा है। विकास प्राधिकरण से आठ कट बंद करने के लिए कहा गया है। शीघ्र ही इसे वन-वे किया जाएगा।
-----------
छात्रा रमशा - युवकों द्वारा परेशान करने की शिकायत की गई, तो पुलिस अंकल ने अच्छा व्यवहार नहीं किया, ऐसा क्यों होता है ?
एसएसपी - यह गलत व्यवहार है, यदि कोई ऐसा करता है तो कार्रवाई होगी। तुरंत हेल्पलाइन पर शिकायत करें, लेकिन सभी पुलिसकर्मी ऐसे नहीं होते हैं।
---------
हर्ष- पुलिसकर्मी से फोन मांगा, तो उन्होंने मदद नहीं की।
एसएसपी - पुलिस सहायता के लिए हमेशा तैयार रहती है। पुलिसकर्मी ने ऐसा क्यों किया, यह तो पता नहीं, लेकिन हो सकता है कि उसे कोई दिक्कत हो।
-------------
पारस - यातायात नियमों का पालन कराने में पक्षपात क्यों होता है ?
- एसएसपी - नियम तोड़ने पर पुलिस कार्रवाई करती है। एक, दो बार सचेत करके और हिदायत देकर छोड़ा भी जाता है। यदि फिर भी नियम का उल्लंघन होता है, तो पुलिस कार्रवाई करती है।
---------------
- सानिया सरफराज -- कुछ लड़के पीछा कर परेशान करते हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं होती
एसएसपी - एंटी रोमियो स्क्वाड छात्राओं की सुरक्षा के लिए है। जहां भी लड़के परेशान करते हैं, उसकी सूचना दें। तुरंत कार्रवाई होगी।
-------------
- श्रेया सैनी - वूमेन हेल्पलाइन की प्रक्रिया देर से हो रही है।
महिला एसएचओ - वूमेन हेल्पलाइन छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा के लिए है। शिकायत करने पर छात्राओं का नाम पता गोपनीय भी रखा जाता है। हर शिकायत पर जांच के बाद कार्रवाई होती है।
--------------
- आर्य वत्स - वाहन चलाने में पुलिस खुद नियम क्यों तोड़ती ?
- एसएसपी - शुरुआत स्वयं से करें, यही पुलिस की मुहिम है। पुलिसकर्मी खुद भी हेलमेट पहनकर चलें, इसका स्पष्ट निर्देश है। यदि पुलिसकर्मी नियम तोड़ते हैं, तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
--------------
- डायल 100 ने की सहायता
शिक्षक मनोज शर्मा ने बताया कि वह कुछ बच्चों के साथ एक टूर पर गए थे, लेकिन रास्ते में ट्रेन रुक गई। उन्होंने डायल 100 पर कॉल करके सहायता मांगी। जहां से उन्हें काफी जानकारी दी गई और रेलवे हेल्पलाइन का नंबर भी दिया गया। जिसके बाद उन्हें तुरंत सहायता मिल गई।
-------------------
-- छात्राओं को दिया गया सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण
पुलिस की पाठशाला आयोजन में छात्राओं को अपराजिता अभियान के तहत सेल्फ डिफेंस की जानकारी भी दी गई। छात्राओं को बताया गया कि किस प्रकार किसी के परेशान करने पर उसे सबक सिखाया जा सकता है।