सहारनपुर। ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए रेलवे द्वारा तैयारी शुरू कर दी गई है। पुराने हो चुके रेलवे ट्रैकों की मरम्मत कराई जा रही है। तकनीकी रूप से भी संसाधनों को सुदृढ़ किया जा रहा है। पुलियाओं से लेकर पुलों की भी मरम्मत कराई जा रही है। ट्रैक, स्लीपर भी बदले जा रहे हैं। जिस कारण प्रत्येक सप्ताह रेलवे को ब्लॉक लेना पड़ रहा है। सहारनपुर-अंबाला के बीच काफी कार्य करा दिया गया है।
रेलवे द्वारा ट्रेनों की गति बढ़ाए जाने को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। ट्रेनों के आवागमन में सबसे अधिक अड़चनें मालगाड़ियों से हो रही थी। मालगाड़ियों के लिए अलग से ही फ्रेट कॉरिडोर तैयार कराया जा रहा है। जिससे सवारी ले जाने वाली गाड़ियां लगातार चल सकें। साथ ही दिल्ली से सहारनपुर के बीच लाइन के दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है।
सहारनपुर से आगे अंबाला की ओर रेलवे ट्रैक पर प्रत्येक सप्ताह ब्लॉक लेकर मरम्मत का कार्य चल रहा है। आठ-आठ घंटे तक का ब्लॉक लेकर कार्य कराया जा रहा है। अंबाला डिवीजन में ही पुलियाओं का निर्माण, मरम्मत, ट्रैक बदले जाने, स्लीपर बदले जाने समेत कई तकनीकी सुधार किए जा रहे हैं।
अभी तक 110 की गति से चल रहीं हैं इस रूट पर ट्रेनें
स्टेशन अधीक्षक कपिल शर्मा का कहना है कि ब्लॉक लेकर रेलवे इन्फ्रास्ट्रक्चर में सुधार एवं बदलाव किया जा रहा है। अभी तक अधिकतम 110 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से इस रूट पर ट्रेनें चल रही हैं। जिस कारण ट्रैकों को बदलवाया जा रहा है। पुराने ट्रैकों को हटवाया जा रहा है। ट्रेनों की गति बढ़ाने के लिए यह प्रक्रिया की जा रही है। लाइनों में सुधार होने के बाद इस पर ट्रेनों की गति बढ़ जाएगी।