अतिक्रमण हटवाने की मांग लेकर महापौर से मिले
सहारनपुर। कॉलोनियों में चल रही डेयरियों की शिकायत लेकर खानआलमपुरा और चांद विहार कॉलोनी के लोगों ने महापौर से मुलाकात की। लोगों का कहना था कि उनके क्षेत्र में सड़कों पर पशु बांधे जा रहे हैं, जिनकी वजह से लोगों का निकलना तक दूभर हो रहा है। बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है।
शुक्रवार को नगर निगम कार्यालय पहुंचे मोहम्मद अब्बास अली, तसलीम, सुहेल, यामीन और मोबिना ने बताया कि उनके क्षेत्र में सड़कों पर अतिक्रमण है। मोहल्ले के बीच में डेयरियां संचालित हो रही हैं, जिस कारण गंदगी रहती है। बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। आरोप है कि यदि डेयरी संचालकों को सड़क पर पशु बांधने का विरोध किया जाता है तो वह मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। आरोप है कि डेयरी संचालक पशुओं के गोबर को नालियां में बहा देते हैं, जिस कारण नालियां भी गंदगी से अट रही हैं। शिकायत करने में नइमा, शादाब, समीर, रिहान, अब्बास अली आदि शामिल रहे।