सहारनपुर। बाजारों और व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारी गंभीरता दिखा रहे हैं, पुलिस तैनात है, लेकिन अभी तक पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे नहीं लगवाए जा सके हैं। सिर्फ कुछ चौराहों और तिराहों पर कैमरे लगवाकर ही बाजारों में होने वाली गतिविधियों की निगरानी की जा रही है।
सहारनपुर शहर में ही छोटे-बड़े लगभग पचास से अधिक बाजार हैं। इन बाजारों में सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारी गंभीरता भी दिखा रहे हैं और पुलिसकर्मियों की भी लगातार तैनाती की जा रही है, लेकिन पुलिस के लिए मददगार बन रहे सीसीटीवी कैमरे अभी पर्याप्त नहीं लग सके हैं। सिर्फ कुछ महत्वपूर्ण चौराहों एवं तिराहों पर ही सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा सके हैं।
व्यापारियों के अनुसार अभी तक सीसीटीवी कैमरे अभी तक 15-20 बाजारों मेें भी नहीं लग सके हैं। यहां तक कि सबसे महत्वपूर्ण बाजार नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट में भी कोई कैमरा नहीं लगा है। जबकि सीसीटीवी कैमरों को सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। खासकर व्यापारियों एवं सराफा बाजार की सुरक्षा में सीसीटीवी कैमरे महत्वपूर्ण हैं। हालांकि यहां पर अधिकांश व्यापारियों ने निजी सीसीटीवी कैमरे अपनी सुरक्षा के लिए लगवाए हुए हैं। दुकानदारों ने भी अपनी दुकान से लेकर घर के कोने-कोने में नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए हैं। व्यापारी सीसीटीवी कैमरे को सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
हिरन मारान में होजरी की दुकान करने वाले हकीकत नगर निवासी रोहित घई का कहना है कि उनके मोहल्ले में कुछ वर्ष पूर्व बड़ी डकैती पड़ी। उसके बाद उनके घर के सामने से उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई। जिसका आज तक पता नहीं चला। उसके बाद ही उन्होंने अपने घर से लेकर दुकान तक सीसीटीवी कैमरे लगवा दिए। घर और दुकान के आसपास होने वाली हर हरकत पर नजर रखी जाती है। सीसीटीवी कैमरा लगवाए जाने के बाद कोई घटना घटित नहीं हुई है। शायद सीसीटीवी लगा देखकर कोई व्यक्ति घटना करने की हिम्मत न कर पाता हो। इससे वह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
सोफिया मार्केट के खाद्य पदार्थ विक्रेता संजय खेड़ा का कहना है कि हर समय दुकान के बाहर जाकर अथवा दुकान के अंदर घूम कर हर व्यक्ति पर नजर रख पाना संभव नहीं है। जिस कारण सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। इससे टीवी स्क्रीन पर दुकान के बाहर, दुकान के अंदर सभी जगह निगाह रख पा रहे हैं। बाहर जाने वाले राहगीरों तक का पता लग रहा है।
नेहरू मार्केट के श्रीराम चौक पर रेडीमेड गारमेंट व्यापारी हरजीत सिंह नरुला कहते हैं कि पूरे मार्केट में कोई कैमरा नहीं लगा है। कुछ व्यापारियों ने अपनी दुकानों में और दुकानों के बाहर कैमरे लगा रखे हैं, लेकिन पूरे मार्केट पर नजर रखने वाला कोई कैमरा नहीं लगाया गया है। जबकि बाजार की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा जरूरी है। लोहानी सराय में सेनेट्री की दुकान करने वाले हेमंत भारती कहते हैं कि उनकी दुकान से लेकर घर तक की सुरक्षा सीसीटीवी कैमरे के भरोसे है। घर की भी निगरानी वह अपनी दुकान पर बैठकर मोबाइल से ही सीसीटीवी कैमरा जोड़कर कर लेते हैं। घर के बाहर आने जाने वाले लोगों पर भी नजर रहती है। दुकान के अंदर होने वाली गतिविध की भी जानकारी रहती है।
----------------
-- व्यापारियों को जागरूक किया जा रहा है
एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह कहते हैं कि सीसीटीवी लगवाने के लिए व्यापारियों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन भी हर जगह सीसीटीवी कैमरे लगवाने का प्रयास कर रहा है।