मोहर्रम की ग्यारहवीं तारीख को निकाला मातमी जुलूस
गंगोह। मोहर्रम की ग्यारहवीं तारीख को नगर में ताजियों का जुलूस निकाला गया। सोगवारों ने छुरियों से मातम कर अपने आपको लहूलुहान कर डाला। जुलूस में सोगवार ताजिये के सामने नोहा ख्वानी और मातम करते हुए चल रहे थे।
सराफा बाजार स्थित पुराने डाकखाने के सामने मस्जिद के बाहर से जुलूस इंचार्ज मोहम्मद मुस्तफा ने चेयरमैन प्रतिनिधि काजी नोमान मसूद की दस्तारबंदी कर शुरू किया। इसके बाद तय मार्गों से होता हुआ जुलूस जवाहरगंज बाजार चौक पहुंचा। वहां सांप्रदायिक सौहार्द की परंपरागत मिशाल को कायम रखते हुए श्री रामलीला महोत्सव मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों दीपांशु गोयल, मनीष गर्ग, नवीन मिक्का, अतुल गोयल, लक्की सरदाना, अनिल तायल, आदेश नामदेव, मेनपाल, नौशाद चौधरी, डा राकेश गर्ग आदि ने काजी नोमान मसूद एवं हजरत कुतबे आलम दरगाह के सज्जादानशीं शाह महताब आलम का स्वागत किया। मातमी जुलूस में हलवाना, साकरोर, नानौता एवं लखनौती आदि स्थानों से आए मातमी काफिलों ने भाग लिया। जुलूस में शामिल अखाड़ों ने करतब दिखाए। देर शाम करबला में ताजियों को दफन कर दिया गया। पूर्व सभासद लालू, शहनवाज, सुहेल खान, शादमान, बेदुला, काजी फैज आदि रहे। नगर पालिका एसआई राजेश कुमार एवं ठेकेदार रईस अहमद की टीम द्वारा बेहतर सफाई व्यवस्था रखी गई वहीं पुलिस का भी कड़ा प्रबंध रहा।