सहारनपुर। ऐतिहासिक मेला गुघाल के टेंडर की प्रक्रिया कम बोली लगने के कारण निरस्त कर दी गई। एक करोड़ दस लाख रुपये के बेस प्राइज के सापेक्ष मात्र 61 लाख तक ही बोली लगने और मात्र दो फर्मों के शामिल होने से ऐसा करना पड़ा। अब नगर निगम टेंडर की प्रक्रिया दोबारा शुरू करेगा। अपेक्षित बोली न लगने की स्थिति में नगर निगम मेले की जिम्मेदारी अपने हाथ में ले सकता है।
नगर निगम की ओर से मेला गुघाल की टेंडर की प्रक्रिया में पांच ठेकेदारों ने टेंडर डाले थे। इनमें सहारनपुर के अलावा मुजफ्फरनगर और बुलंदशहर के भी ठेकेदार शामिल थे। मंगलवार को ठेकों की बोली लगाई जानी थी। लेकिन इसमें मात्र दो ठेकेदार ही शामिल हुए, जबकि नियमानुसार कम से कम तीन ठेकेदार होने होने चाहिएं। नगर नगम ने मेले के ठेके का बेस प्राइज एक करोड़ दस लाख रुपये रखा था, मगर दो ठेकेदारों में पहले ने 52 लाख और दूसरे ने मात्र 61 लाख रुपये तक की बोली लगाई। नगर निगम की कमेटी ने इन बोलियों को अस्वीकार करते हुए टेंडर की प्रक्रिया को निरस्त कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि टेंडर की प्रकिया अब नए सिरे से शुरू की जाएगी।
-------------------------------------
मेला गुघाल के टेंडर की प्रक्रिया में मात्र दो ठेकेदारों के पहुंचने और बोली काफी कम लगने की वजह से प्रक्रिया निरस्त कर दी गई है। जल्द ही नए सिरे से टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यदि बोली नगर निगम द्वारा निर्धारित की गई रकम तक नहीं पहुंचती है तो नगर निगम दूसरे विकल्प पर विचार करेगा।
-संजीव वालिया, महापौर।