सहारनपुर। विद्युत निगम की टीम ने मास रेड अभियान चलाकर हकीकत नगर बिजलीघर से जुड़े मोहल्लों में छापामार कार्रवाई की। छापामारी के दौरान टीम ने 19 मकानों में कटिया एवं डायरेक्ट तार डालकर बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
शनिवार को विद्युत निगम की टीम ने हकीकत नगर बिजलीघर से जुड़े मोहल्लों हकीकत नगर, मल्हीपुर रोड, जैन कॉलेज रोड, पंजाबी बाग, दयाल कालोनी समेत कई कालोनियों में 18 टीमें बनाकर छापामार कार्रवाई की। जिससे हड़कंप मच गया। टीमों ने 429 कनेक्शन चेक किए। जिनमें 19 लोगों के यहां पर बिजली की चोरी पकड़ी गई। सभी 19 लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके अलावा एक उपभोक्ता के यहां पर पांच किलोवाट के कनेक्शन में मीटर टेंपर्ड पकड़ा गया। जिस पर आरोपी से बीस हजार रुपये का शमन शुल्क एवं 80 हजार रुपये का आंशिक राजस्व निर्धारण वसूल किया गया। अभियान के दौरान 84 लोगों के बिजली के मीटर घरों के बाहर किए गए। 33 उपभोक्ताओं का विद्युत भार बढ़ाया गया। तीन उपभोक्ताओं के कनेक्शन बदले गए एवं दो के खिलाफ विद्युत अनियमितता के आरोप में जुर्माना लगाया गया। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता रवींद्र गुप्ता, अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार वर्मा, सुशील गर्ग, उपखंड अधिकारी पवन कुमार मौजूद रहे।