अंबेहटा (सहारनपुर)। किसान हित एवं गो सेवा समिति के तत्वावधान में बिड़वी शुगर मिल गेट पर चल रहा किसानों का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। किसानों ने मांगे पूरी होने तक आंदोलन को जारी रखने की बात कही। सोमवार को किसान नेता योगेश दहिया व अरुण राणा ने भी किसानों को अपना समर्थन देने की घोषणा की।
बिड़वी शुगर मिल को चलवाने के लिए रिपेयरिंग कार्य युद्ध स्तर पर चलवाने की मांग को लेकर मिल क्षेत्र के किसान चार दिन से मेल गेट पर धरना दे रहे हैं। धरने के चौथे दिन भी किसी ने किसानों की सुध नहीं ली। किसान नेता योगेश दहिया ने कहा कि दुख की बात है कि देश का अन्नदाता सरकारों की उदासीनता के कारण धरने प्रदर्शन को मजबूर है। उन्होंने कहा कि किसान कमजोर नहीं है। अब किसान अपना हक नहीं मिलने की दशा में आर पार की जंग लड़ना जान गया है। धरनारत किसानों ने 15 मई से अनिश्चित भूख हड़ताल के अपने निर्णय को सोमवार को फिर से दोहराया। धरने की अध्यक्षता भूप सिंह दैदनोर व संचालन जोगेंद्र सिंह ने किया। धरने पर सुधर रतनाखेड़ी, सुभाष राठी, सुदेश प्रधान, अनूप सिंह, अंकुश चौधरी, नाजिम प्रधान, अनिल कुमार, भोपाल सिंह, नेपाल सिंह, प्रदीप, शिवचरण, सुंदर, मुर्तजा, श्याम सिंह, नीटू, अजय कुमार आदि किसान शामिल रहे।