सहारनपुर। प्रधानमंत्री आवासीय योजना में गड़बड़झाला होने के मामले सामने आने बाद प्रशासन सख्त हो गया है। टीमों का गठन कर जांच के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में टीमें जांच करेंगी। संबंधित अधिकारियों की लापरवाही पर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
ब्लॉक साढ़ौली कदीम के गांव पठानपुरा निवासी दिलशाद पुत्र गफूर, आकिल पुत्र भूरा, अकरम पुत्र जाहिद, रमजानी पुत्र भूरा ने प्रधानमंत्री आवासीय योजना में गड़बड़झाला होने का आरोप लगाया था। मंडलायुक्त के निर्देश पर जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव ने जांच के दौरान आरोप सही पाए थे और उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट दी थी। इसके बाद प्रशासन सख्त हो गया। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन के नेतृत्व में आवासीय योजना में बरती जा रही अनियमितता की जांच को लेकर पांच टीमों को गठन किया गया है, जो जांच कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट देंगी। डीएम के निर्देश पर टीमें बनाई हैं। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जांच के लिए टीमें बनाई गई हैं। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी। पिछले दिनों गड़बड़झाले का मामला सामने आया था।