शिक्षक नहीं मिलने से अधर में लटके मॉडल कॉलेज
सहारनपुर। जनपद में बनाए पंडित दीनदयाल उपाध्यक्ष मॉडल इंटर कॉलेजों का संचालन अधर में लटकता नजर आ रहा है। इसकी प्रमुख वजह कॉलेजों के लिए शिक्षकों के पर्याप्त आवेदन न मिलना है। ऐसे में शिक्षा विभाग सेवानिवृत्त शिक्षकों को किसी तरह जोड़कर कॉलेजों का संचालन कराने के प्रयास में है।
मॉडल इंटर कॉलेजों में सेवानिवृत्त हो चुके शिक्षकों की सेवा लेने का प्रावधान रखा गया है। विभाग ने सेवानिवृत्त शिक्षकों से 20 अप्रैल तक आवेदन मांगे थे। कुल 51 शिक्षकों की डिमांड रखी गई थी, मगर डिमांड के सापेक्ष आठ से दस शिक्षक ही आवेदन कर सके। उसके बाद से विभागीय अधिकारी अन्य सेवानिवृत्त शिक्षकों को किसी तरह कॉलेजों से जोड़कर संचालन कराने के प्रयास में हैं। मगर इसके बावजूद शिक्षक नहीं मिल पा रहे हैं, जिसकी वजह से कॉलेजों के संचालन में समस्या आ रही है। डीआईओएस आरके तिवारी का कहना है कि कॉलेजों का संचालन किसी भी सूरत में बाधित नहीं होने दिया जाएगा। शिक्षकों की कमी को दूर किया जाएगा।