बैग की दुकान में आग, लाखों का सामान जला
सहारनपुर (सहारनपुर)। शहर के दाल मंडी चौक स्थित बैग एवं पर्स की दुकान में रविवार आधी रात अचानक आग लग गई। इससे अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों की सूचना पर दमकल की टीम पहुंची। पानी बरसाकर आग को बढ़ने से रोका गया। लेकिन तब तक बैग की दुकान में रखा कई लाख का सामान जलकर चुका था।
कोतवाली मंडी के तोता चौक निवासी कमल ग्रोवर की दालमंडी में हिरन मारान चौक पर अनमोल बैग नाम से बैग और पर्स की दुकान है। कमल ग्रोवर रविवार रात लगभग नौ बजे दुकान बंद कर घर चले गए। रात लगभग साढ़े 11 बजे दुकान में आग लगने की सूचना उन्हें मिली। दुकान पर पहुंचकर उन्होंने देखा कि दुकान का सामान जल रहा था। आसपास की दुकानों में भी आग लगने की आशंका थी। लेकिन सूचना पर पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कमल के मुताबिक आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग बुझने तक क्षेत्र में अफरातफरी मची रही। मार्केट के अन्य कारोबारी भी मौके पर पहुंच गए। इस जगह पर ज्यादातर रेडीमेड गारमेंट और ऐसी ही अन्य दुकानें हैं। अभी तक आग लगने का कारण शार्ट सर्किट होना माना जा रहा है।