सहारनपुर। थाना जनकपुरी के अर्पित विहार से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए छात्र को पुलिस ने मसूरी से बरामद कर लिया है। छात्र घर से 25 हजार रुपये लेकर परिजनों से किसी बात पर नाराज होकर चला गया था।
जनकपुरी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी कक्षा 6 में पढ़ने वाला 12 वर्षीय छात्र बृहस्पतिवार को अचानक घर से लापता हो गया था। उस समय उसके परिजन घर से बाहर गए हुए थे। परिजनों के अनुसार छात्र घर से 25 हजार रुपये एवं अपने कपड़े भी ले गया था। सूचना मिलने पर सीओ मुकेश चंद्र व जनकपुरी थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार शर्मा ने भी छात्र के घर पहुंचे और परिजनों से उसके बारे में जानकारी ली। छात्र के पास मोबाइल होने के चलते उसकी लोकेशन ट्रेस कराना शुरू किया गया।
पुलिस ने छात्र का मोबाइल सर्विलांस पर लगवाया और बुधवार की शाम को छात्र की लोकेशन मसूरी में मिली। जनकपुरी पुलिस परिजनों को लेकर मसूरी पहुंची और छात्र को बरामद कर लिया।
पुलिस पूछताछ में छात्र ने बताया कि वह परिजनों से काफी समय से घूमने के लिए कह रहा था, लेकिन परिजन कहीं नहीं ले जा रहे थे। जिससे नाराज होकर वह तीन दिन से स्कूल भी नहीं जा रहा था। बृहस्पतिवार को भी वह पेट दर्द का बहाना बनाकर घर पर ही रुक गया। जब सभी लोग घर से चले गए तो उसने मां के पर्स से, बहन के पर्स से, अलमारी से 25 हजार रुपये लिए। अपने स्कूल बैग में कपड़े रखे। उसके बाद जनता रोड से रिक्शा में बैठकर नेहरू मार्केट पहुंचा। जहां से उसने नई साइकिल खरीदी। उसके बाद साइकिल को बस में रखवाकर देहरादून पहुंचा। देहरादून से टैक्सी में साइकिल रखकर वह मसूरी जा पहुंचा। शाम को उसने मोबाइल का स्विच ऑन किया तो लोकेशन मसूरी की मिली।
जनकपुरी प्रभारी शैलेंद्र शर्मा ने बताया कि पहले परिजनों ने देहरादून में रहने वाले अपने रिश्तेदारों को फोन पर सूचना दी। जो स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। उसके बाद जनकपुरी पुलिस ने पहुंचकर छात्र को बरामद कर लिया। छात्र रात में मसूरी में साइकिल चलाता हुआ मिला। पुलिस ने छात्र के पास से पांच हजार रुपये भी बरामद किए है।