बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर बिहारीगढ़ थाने के सामने बाइक सवार एक युवक को सामने से आ रही रुड़की डिपो की बस ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल बाइक सवार को सीएचसी फतेहपुर में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने रोडवेज बस को चालक सहित कब्जे में ले लिया।
हादसा शुक्रवार की शाम चार बजे हुआ। गणेशपुर निवासी 30 वर्षीय पुनीत पुत्र सुरेंद्र कुमार बाइक से अपने गांव गणेशपुर जा रहा था कि बिहारीगढ़ थाने के गेट के सामने रुड़की डिपो की रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल पुनीत को लेकर थाना पुलिस सीएचसी फतेहपुर पहुंची जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसकी मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पंचनामा भर पीएम पर भेज दिया जबकि आरोपी चालक अल्लाहदिया पुत्र हमीद निवासी आदर्श नगर कालोनी लक्सर को हिरासत में ले लिया है।