सहारनपुर। भारतीय जूडो महासंघ 28 अप्रैल से तीन मई तक बंगलूरू में जूडो का राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर एवं ब्लैक बेल्ट परीक्षा आयोजित करने जा रहा है। इससे पहले उत्तर प्रदेश जूडो संघ सहारनपुर में प्रदेशीय प्रशिक्षण शिविर एवं ब्लैक बेल्ट परीक्षा आयोजित कर रहा है, जो आज से डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुरू हो रही है।
जिला जूडो संघ के संस्थापक सचिव दीपक गुप्ता ने बताया कि सहारनपुर में शुक्रवार 13 अप्रैल से शुरू होने वाला शिविर एवं परीक्षा 15 अप्रैल तक चलेगी। इसमें प्रदेश भर के चुनिंदा जूडो खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इन्हीं खिलाड़ियों में से राष्ट्रीय शिविर के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। शिविर में अंतर्राष्ट्रीय रेफरी मुनव्वर अंजार, अर्जुन अवार्डी अकरम शाह, अंतर्राष्ट्रीय रेफरी मेश कुमार सिंह, सुषमा अवस्थी, संजय गिरी आदि पहुंचेंगे। दीपक ने बताया कि शिविर में पहुंचने वाले प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों के ठहरने और खाने की तमाम तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।