सरकारी कार्यालयों में यौन उत्पीड़न की जांच को समिति गठित
सहारनपुर। पुलिस उप महानिरीक्षक शरद सचान ने सरकारी कार्यालयों में यौन उत्पीड़न के मामलों में जांच के लिए आंतरिक शिकायत समिति गठित की है। ऐसी शिकायतों पर सुनवाई प्रत्येक शनिवार को होगी।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर परिक्षेत्रीय स्तर पर बृहस्पतिवार को आंतरिक शिकायत समिति गठित कर दी गई है। समिति का काम सरकारी कार्यालयों में काम करने वाली महिलाओं के साथ होने वाले यौन उत्पीड़न और अभद्रता की शिकायतों पर जांच कर कार्रवाई करना होगा। डीआईजी शरद सचान ने सीओ प्रथम इंदू सिद्धार्थ को समिति का प्रभारी बनाया है। महिला अधिवक्ता पूनम पुंडीर, उप निरीक्षक शैली राणा और आरक्षी रूबी देवी को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। समिति का कार्यकाल तीन साल का होगा। समिति का कार्यालय डीआईजी आफिस में ही रहेगा। प्रत्येक शनिवार को कामकाजी महिला के उत्पीड़न से जुड़े मामलों में सुनवाई होगी। डीआईजी ने बताया कि पीड़ित कामकाजी महिलाएं सीधी समिति को अपनी शिकायत कर सकती है।